सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने हेरोइन तस्करी का खुलासा किया है। 42 ग्राम हेरोइन के साथ एक महिला और एक युवक को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के पास से एक लाल रंग की स्कूटी भी जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख 20 हजार रुपए बताई जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस के मुताबिक शनिवार की दोपहर मोरवा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल रंग की स्कूटी से हेरोइन की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और संदेह के आधार पर एक लाल रंग की स्कूटी (क्रमांक MP 66 ZE 2289) को रोक लिया।
महिला स्कूटी चला रही थी, युवक पीछे बैठा था
स्कूटी चला रही महिला की पहचान फुलकुमारी बसोर (31 साल), निवासी डीबुलगंज, थाना अनपरा, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, स्कूटी पर पीछे बैठे युवक की पहचान अब्दुल इस्मत बेग (26 वर्ष), निवासी सोलंग, थाना मोरवा के रूप में की गई।
42 ग्राम हेरोइन बरामद, स्कूटी भी जब्त
पुलिस ने तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 42 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 4 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है, उसे भी जब्त कर लिया गया है।
सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मोरवा थाना प्रभारी कपूर त्रिपाठी ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में नशे के नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन्हें कोर्ट में पेश कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में नशे के कारोबार से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।

0 Comments