सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 11 बजे एनसीएल एक्सप्रेसवे पर एक सड़क हादसा हुआ। मोरवा से बैढ़न जा रही एक बस और जयंत से मोरवा लौट रहे बाइक सवार युवक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मोरवा निवासी कलश गुप्ता (28 वर्ष) पुत्र रामलाल गुप्ता के रूप में हुई है। वह बाइक क्रमांक MP 66 ZD 5013 से जयंत से मोरवा की ओर आ रहा था। वहीं, बस क्रमांक MP 66 P 1118 मोरवा से बैढ़न की दिशा में जा रही थी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बस के अगले हिस्से को भी भारी नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मोरवा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पिकअप वाहन में लादकर मोरवा थाना पहुंचाया और बस को एक्सप्रेसवे के किनारे खड़ा कर यातायात बहाल किया।
फिलहाल, पुलिस ने मृतक के शव को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच जारी है।




0 Comments