सिंगरौली के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम महुआ में शनिवार शाम एक घर में आग लग गई। इस हादसे में मकान मालिक रमाशंकर शुक्ला का पूरा घर का सामान जलकर राख हो गया, वहीं घर में बंधी एक भैंस भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घटना के समय घर पर नहीं था परिवार
घटना के वक्त रमाशंकर शुक्ला और उनके परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे। घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख पड़ोसियों ने शोर मचाया और तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
ग्रामीणों की तत्परता से आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर सहित अन्य सभी घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुका था। आग की चपेट में आने से एक भैंस भी बुरी तरह झुलस गई, जिसका इलाज कराया जा रहा है।
पीड़ित परिवार ने की प्रशासन से राहत की मांग
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इस हादसे के बाद गांव में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है और प्रशासन से तत्काल आर्थिक राहत व मुआवजा देने की मांग की है।



0 Comments