देवसर अस्पताल में डॉक्टर नहीं मिले:घायल के परिजन इधर-उधर भटते रहे, 50 किमी दूर बैढ़न ले जाना पड़ा




सिंगरौली जिले के देवसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में नए साल के पहले दिन स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही सामने आई है। देवसर मुख्य बाजार जनपद गेट के पास घायल हुए दुकानदार रवि गुप्ता को गंभीर हालत में CHC लाया गया था।

हालांकि, अस्पताल में न तो कोई डॉक्टर मौजूद था और न ही नर्सिंग स्टाफ। लहूलुहान हालत में तड़पते मरीज के परिजन इलाज के लिए अस्पताल परिसर में इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उन्हें कोई सहायता नहीं मिली।

मरीज को बैढ़न ले जाना पड़ा

प्राथमिक उपचार तक न मिलने पर परिजन घायल रवि गुप्ता को देवसर से लगभग 50 किलोमीटर दूर बैढ़न जिला मुख्यालय ले जाने को मजबूर हुए। मरीज को बैढ़न में ही इलाज मिल पाया।

इस पूरे मामले पर दैनिक भास्कर डिजिटल ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) पुष्पराज सिंह से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है।

यह घटना ग्रामीण अंचल में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर्स की अनुपस्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिम्मेदारों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।

Post a Comment

0 Comments