सिंगरौली की नदी में गिरे बुजुर्ग का नहीं लगा सुराग:ग्रामीणों ने किया चक्का जाम, रविवार को भी चलेगा रेस्क्यू ऑपरेशन

                       









सिंगरौली जिले के बैढ़न कोतवाली क्षेत्र में हिरवाह मयार नदी में गिरे एक बुजुर्ग का 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला है। हरवा गांव निवासी रामजतन साकेत (लगभग 50 वर्ष) शुक्रवार को नदी में गिर गए थे।

बताया गया कि रामजतन साकेत नदी पर बने पुल पर बैठे थे, तभी अचानक वे नदी में जा गिरे। घटना के तुरंत बाद से ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सफलता नहीं मिल पाई है।

लंबे समय तक तलाश के बावजूद बुजुर्ग का पता न चलने से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए और चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हुआ।

जाम से परेशान वाहन चालक।
जाम से परेशान वाहन चालक।

चक्का जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार सविता यादव मौके पर पहुंचीं और प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने रेस्क्यू टीमों की संख्या बढ़ाने की मांग की, ताकि लापता बुजुर्ग को जल्द से जल्द खोजा जा सके।

हर संभव प्रयास करेंगे

तहसीलदार सविता यादव ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि रविवार को और अधिक टीमों के साथ व्यापक स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है और लापता व्यक्ति को खोजने के लिए हर संभव प्रयास करेगा। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने अपना चक्का जाम समाप्त कर दिया।

Post a Comment

0 Comments