सिंगरौली वार्ड 34 उपचुनाव, पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च:भाजपा-कांग्रेस-बसपा के तीन प्रत्याशी मैदान में, 1 जनवरी को मतदान











 सिंगरौली नगर पालिक निगम के वार्ड क्रमांक-34 में होने वाले पार्षद उपचुनाव के लिए पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को थाना विंध्यनगर क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। इस मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और मतदाताओं में सुरक्षा का भरोसा पैदा करना था।

पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख मार्गों तथा मतदान केंद्रों के आसपास पैदल मार्च किया। इस दौरान आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उन्हें निर्भीक, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान करने की अपील की गई। अधिकारियों ने मतदाताओं से चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने और किसी भी अवैधानिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को देने का आग्रह किया।

वार्ड क्रमांक-34 उपचुनाव के लिए कुल 7 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें डीपीएस स्कूल, एनटीपीसी विंध्यनगर में मतदान केंद्र क्रमांक 172, 173, 174, 177 और 178 शामिल हैं। वहीं, सरस्वती विद्यालय, एनटीपीसी विंध्यनगर में मतदान केंद्र क्रमांक 175 और 176 स्थापित किए गए हैं। प्रशासन मतदान केंद्रों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने में जुटा है।

इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रशासन के अनुसार, मतदान 1 जनवरी 2026 को होगा और मतगणना 3 जनवरी 2026 को की जाएगी, जिसके बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। पुलिस-प्रशासन शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Post a Comment

0 Comments